Tuesday, October 20th, 2026

गर्मी के मौसम में बालों को सन प्रोटेक्शन देता है बादाम का तेल

 

बादाम का तेल आपके बालों के लिए टॉनिक की तरह काम करता है। आमतौर पर सभी लोग सिर्फ त्वचा की देखभाल के लिए ही बादाम के तेल का उपयोग करते हैं। इसकी वजह इस तेल की कीमत भी है। लेकिन क्या आपके बालों से ज्यादा कीमती दुनिया में कुछ है? हमें लगता है इस सवाल के जवाब में दुनिया की हर महिला कहेगी 'नहीं'।

बादाम का तेल दुनियाभर के हेयर एक्सपर्ट्स द्वारा सजेस्ट किया जाता है। क्योंकि यह तेल आपके बालों को पोषण देता है, उन्हें कई तरह इंफेक्शन से बचाता है। यदि आप सिर्फ इस कारण इस तेल का उपयोग नहीं करती हैं क्योंकि यह महंगा है तो आप इस तेल को अन्य चीजों के साथ कम मात्रा में मिलाकर भी अपने बालों को बादाम का पोषण दे सकती हैं।

बादाम तेल से मिलेंगे ये फायदे
बादाम तेल से आपके बालों को कई लाभ मिलते हैं। यदि आपने अब तक इस तेल का उपयोग अपने बालों पर नहीं किया तो एक बार जरूर करें। अगर आपने सही विधि से इस तेल का उपयोग नहीं किया है तो पूरा लाभ पाने के लिए यहां बताया गया तरीका अपनाकर देखें, आपको लाभ जरूर होगा। बादाम तेल से बालों को ये फायदे मिलते हैं

-बाल सिल्की बनेंगे
-बालों की लंबाई जल्दी बढ़ेगी
-बाल नहीं झड़ेंगे
-बाल घने बनेंगे
-बाल काले रहेंगे

ये समस्याएं रहेंगी दूर
प्योर बादाम तेल या फिर बादाम तेल को मिलाकर तैयार किए गए हेयर ऑइल ब्लैंड को सही प्रकार से उपयोग करने पर आपके बाल कई तरह की समस्याओं से बचे रहेंगे। जिनका सामना आप अक्सर करती हैं। जैसे,

-बाल रूखे नहीं होंगे
-बाल दोमुंहे नहीं होंगे
-बालों की चमक कम नहीं होगी
-डैंड्रफ नहीं होगा
-बाल नहीं झड़ेंगे
-सिर की त्वचा में फंगस नहीं होगी
-सिर में चिपचिपाहट नहीं रहेगी
-फॉलिकल्स की समस्याएं दूर होंगी
-बैक्टीरियल इंफेक्शन नहीं होगा


बालों को ऐसे फायदा करता है बादाम का तेल
बादाम तेल में ये सभी ऐसे गुण पाए जाते हैं, जो आपके बालों की सुंदरता और सिर की त्वचा की सेहत के लिए बेहद जरूरी होते हैं। यदि आप अपने बालों पर बादाम तेल से ब्लैंड की मालिश करती हैं, बादाम तेल को मिलाकर तैयार किया गया हेयर मास्क लगाती हैं तो आपको किसी और तरह के हेयर केयर ट्रीटमेंट की जरूरत नहीं पड़ेगी।

-विटमिन ए
-विटमिन बी7
-विटमिन ई
-एसपीएफ 5
-बायोटिन
-ऐंटिफंगल
-ऐंटिबैक्टीरियल
-हेल्दी फैटी एसिड्स


ऐसे बनाएं हेयर ऑइल ब्लैंड
हम समझ सकते हैं कि प्योर बादाम का तेल अपने बालों पर लगाना हर किसी के बजट में नहीं होगा। इसलिए हम आपके लिए एक आसान विधि लेकर आए हैं। जो आपके बजट को भी बिगड़ने नहीं देगी और आपके बालों का भी पूरा ध्यान रखेगी।

आप अपने बालों के लिए बादाम तेल को मिलाकर एक खास हेयर ऑइल ब्लैंड तैयार कर सकती हैं। इसके लिए आप यहां दिए गए तेलों में से कोई भी दो तेल चुन लें और इन्हें बादाम के तेल के साथ मिक्स करें।
-नारियल तेल
-आंवला हेयर ऑइल
-जैतून का तेल
- अरंडी का तेल


सही अनुपात में मिक्सिंग का तरीका
बादाम तेल के साथ यहां बताए गए तेलों में से कोई से भी दो तेलों को आप डबल मात्रा में लें। यानी अगर आपने 1 चम्मच बादाम का तेल लिया है तो 2 चम्मच नारियल तेल और 2 चम्मच अरंडी का तेल ले लें।

इस अनुपात में इन तेलों को मिक्स करें। अगर संभव हो तो आप सभी तेल भी थोड़ी-थोड़ी मात्रा में मिक्स कर सकती हैं या फिर 3 से ज्यादा तेलों को भी मिक्स कर सकती हैं। आप चाहें तो इस तरह तैयार ब्लैंड को एक बार बनाकर आप स्टोर भी कर सकती हैं। ताकि हर बार मिक्स करने की जरूरत ना पड़े।

इस तरह करें उपयोग
इस तेल मिक्स को एक या दो चम्मच, अपने बालों की लंबाई के हिसाब से कटोरी में निकालें और रात को सोने से पहले अपने बालों की जड़ों में अच्छी तरह मसाज करें और रातभर लगा रहने दें। इसके बाद सुबह शैंपू कर लें।

इस तरह आप इस हेयर ऑइल ब्लैंड का उपयोग सप्ताह में 2 से 3 बार करें। आपके बालों को पूरा पोषण मिलेगा और गर्मी के मौसम में सूरज की हानिकारक किरणों के कारण आपके बालों की चमक भी खराब नहीं होगी।

 

Source : Agency

पाठको की राय